Saturday, July 24, 2021

मनुष्यता - मैथिलीशरण गुप्त

  मनुष्यता 

                                    - मैथिलीशरण गुप्त 

विचार लो कि मर्त्य हो न मृत्यु से डरो कभी¸
मरो परन्तु यों मरो कि याद जो करे सभी।

हुई न यों सु–मृत्यु तो वृथा मरे¸ वृथा जिये¸
मरा नहीं वहीं कि जो जिया न आपके लिए।
यही पशु–प्रवृत्ति है कि आप आप ही चरे¸
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[मर्त्य-मरणशील, सुमृत्यु - अच्छी मृत्यु,  वृथा - बेकार, पशु प्रवृत्ति - पशु जैसा स्वभाव ]

उसी उदार की कथा सरस्वती बखानती¸
उसी उदार से धरा कृतार्थ भाव मानती।
उसी उदार की सदा सजीव कीर्ति कूजती;
तथा उसी उदार को समस्त सृष्टि पूजती।
अखण्ड आत्मभाव जो असीम विश्व में भरे¸
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिये मरे।।

[उदार- दानशील, सरस्वती - विद्या की देवी,  कृतार्थ - आभारी, धरा - पृथ्वी, कीर्ति-यश, कूजती-फैलती, सृष्टि- विश्व, अखंड - अविभाजित, असीम- असीमित, जिसकी कोई सीमा न हो ]

क्षुधार्थ रंतिदेव ने दिया करस्थ थाल भी,
तथा दधीचि ने दिया परार्थ अस्थिजाल भी।
उशीनर क्षितीश ने स्वमांस दान भी किया,
सहर्ष वीर कर्ण ने शरीर-चर्म भी दिया।
अनित्य देह के लिए अनादि जीव क्या डरे?
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[क्षुधार्थ- भूख से पीड़ित, करस्थ - हाथ में स्थित,  परार्थ - दूसरों के लिए, अस्थिजाल - हड्डियों का समूह, उशीनर-गांधार देश का राजा, स्वमांस-अपने शरीर का मांस, चर्म- चमड़ा, अनित्य - जो सदा नहीं रहती, नाशवान,  देह - शरीर, जीव-आत्मा, अनादि-अविनाशी ]


सहानुभूति चाहिए¸ महाविभूति है वही;
वशीकृता सदैव है बनी हुई स्वयं मही।
विरूद्धवाद बुद्ध का दया–प्रवाह में बहा¸
विनीत लोक वर्ग क्या न सामने झुका रहा?
अहा! वही उदार है परोपकार जो करे¸
वहीं मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[ सहानुभूति - सद्भावना, महानुभूति- बड़ी भारी पूँजी, वशीकृता - वश में की हुई, मही-धरती, प्रवाह-धारा, विनीत- नम्र, लोक वर्ग - जनता, विरुद्धवाद-विरोधी परंपरा ] 

रहो न भूल के कभी मदांध तुच्छ वित्त में,
सनाथ जान आपको करो न गर्व चित्त में|
अनाथ कौन हैं यहाँ? त्रिलोकनाथ साथ हैं,
दयालु दीनबन्धु के बड़े विशाल हाथ हैं|
अतीव भाग्यहीन है अधीर भाव जो करे,
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[ मदांध - अभिमान, वित्त - धन,  पूँजी, सनाथ - जिसका स्वामी है, गर्व - अभिमान, अनाथ -जिसका कोई न हो, विशाल - बड़ा , त्रिलोकनाथ - ईश्वर ]

अनंत अंतरिक्ष में अनंत देव हैं खड़े¸
समक्ष ही स्वबाहु जो बढ़ा रहे बड़े–बड़े।
परस्परावलम्ब से उठो तथा बढ़ो सभी¸
अभी अमर्त्य-अंक में अपंक हो चढ़ो सभी।
रहो न यों कि एक से न काम और का सरे¸
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[ अनंत देव  - ईश्वर, भगवान, समक्ष - सामने, स्वबाहु  - अपने हाथ, परस्परालंब -एक दूसरे का सहारा, अमर्त्य -भगवान, देवता, अंक - गोद, अपंक - कलंक रहित ]

"मनुष्य मात्र बन्धु है" यही बड़ा विवेक है¸
पुराणपुरूष स्वयंभू पिता प्रसिद्ध एक है।
फलानुसार कर्म के अवश्य बाह्य भेद है¸
परंतु अंतरैक्य में प्रमाणभूत वेद हैं।
अनर्थ है कि बंधु ही न बंधु की व्यथा हरे¸
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[ बंधु - भाई, दोस्त, विवेक - ज्ञान, स्वयंभू - भगवान, अंतरैक्य - आत्मा की एकता , अनर्थ  -बुरा, प्रमाणभूत  - साक्षी, गवाह, व्यथा - दर्द, पीड़ा ]

चलो अभीष्ट मार्ग में सहर्ष खेलते हुए¸
विपत्ति विघ्न जो पड़ें उन्हें ढकेलते हुए।
घटे न हेल मेल हाँ¸ बढ़े न भिन्नता कभी¸
अतर्क एक पंथ के सतर्क पंथ हों सभी।
तभी समर्थ भाव है कि तारता हुआ तरे¸
वही मनुष्य है कि जो मनुष्य के लिए मरे।।

[ अभीष्ट - इच्छित, अतर्क - वाद-विवाद से परे, हेलमेल - मेल-जोल, पंथ-रास्ता  ]

 

Monday, May 24, 2021

समय सरिणी की आवश्यकता

 



समय सरिणी की आवश्यकता

      संसार में मनुष्य का आना और जीवन के प्रत्येक क्षण को जीने की सीमित अवधि होती है । धीरे-धीरे समय बीतता है और मनुष्य अपनी जीवन लीला के किरदार को निभाता चलता है  और एक निश्चित समय के उपरांत शरीर से प्राण त्याग देता है । कहने का तात्पर्य है कि जन्म और मृत्यु के बीच के सफर का समय निश्चित है, जोकि ईश्वर द्वारा तय किया गया है । हम सभी जानते है कि जीवन का एक-एक पल बहुमूल्य है, उसे व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए । जीवन को सफल और सार्थक बनाने के लिए हमारे जीवन में सबसे महत्त्वपूर्ण है समय सरिणी। समय सरिणी होने से हम अपनी दिनचर्या और प्रत्येक कार्य से परिचित रहते हैं, जिससे हम सभी कार्य समय पर पूर्ण हो कर सकते हैं और जीवन के प्रत्येक पल का सदुपयोग कर सकते हैं । समय और लहरें किसी की प्रतीक्षा नहीं करती । बीता हुआ समय लौटकर नहीं आता है । जो व्यक्ति समय की कद्र नहीं करता, समय उसकी कद्र नहीं करता । समय ने बड़े-बड़ों को मिट्टी में मिला दिया है । इसलिए मनुष्य के महत्त्व को समझना चाहिए ।   

                                                                     - डॉ. पूजा हेमकुमार अलापुरिया 





Wednesday, February 10, 2021

भारत की ग्रामीण समस्याएँ

 

"भारत की ग्रामीण समस्याएँ"  

     भारत को  विश्वस्तर  पर विकासशील देश माना जाता है| भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है| बड़ी-बड़ी कंपनियाँ भारत में अपना स्थान बना रही है |

 `डिजिटल इंडिया´ की बात तो चर्चाओं में है| ट्रेन का स्थान मेट्रो और  बसों  की जगह इलेक्ट्रिक  बस  ने ले ली है| हाल फिलाल का उदाहरण ऑनलाइन शिक्षा को ही ले लीजिए| इस महामारी के दौर में शहरों के विकसित होने के कारण बच्चों की शिक्षा  मे रूकावट नहीं आई |

     पर अभी भी भारत की ग्रामीण क्षेत्रों की हालत  वैसी  ही है | शहरों के होते हुए विकास ने ग्रामीण क्षेत्रों को अपने नीचे दबा दिया है| जिस वजह से ग्रामीण क्षेत्र में विकास की किरण बहुत ही मुश्किल से पहुंचती है| ग्रामीण लोगों का रुझान से शहरों की तरफ बढ़ते जाता है जैसे कि एक सूरजमुखी का रुझान सूरज को ओर  होता है| 

      भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक समस्याएं हैं  शिक्षा के अभाव से लेकर नौकरी के अभाव तक |बच्चों को चाहते हुए भी उनके हक की शिक्षा प्राप्त नहीं हो रही |गांव में लोगों के पास बिजली नहीं होती इलेक्ट्रिक बस   तो  सोच के परे हैं| गांव में आज भी वही पुरानी जिंदगी चल रही है बस गति और कम हो चुकी है| ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल सर्विस  की समस्या सबसे बड़ी और भयानक है| गांव के लोगों का  मॉडर्न  मेडिकल  टेक्नोलॉजी से वास्ता ही नहीं |  नौकरी के अभाव के कारण गांव के लोग अपने परिवार से दूर पेट भरने का उपाय ढूंढने जाते हैं  |मूई पेट के लिए उन्हें पलायन करना ही पड़ता है |

 किसानों की हालत तो सबसे बुरी है| जिस वर्ष फसल अच्छी होती है  उस  वर्ष  उसकी कीमत कम मिलती है और अगर फसल खराब निकले तो कीमत की बात ही नहीं आती| किसान हर ओर से घुन की तरह पिस रहे हैं| ग्रामीण हिस्सों में विकास की रेलगाड़ी बहुत धीमी गति से चल रही है|  शहर और गाँव को `सड़क´ नामक कड़ी जोड़ती है  जिसका अभाव गाँव में हर जगह दिखाई देता है|  इस अभाव के कारण शहर से चली हुई विकास की गाड़ी गाँव  तक पहुँच नहीं पाती है |  गाँव में लोगों को परिवहन के लिए जूझना पड़ता है|  सफर करते वक्त उनको SUFFER°°  करना पड़ता है| ऐसे अनेकों समस्याएं हैं ग्रामीण क्षेत्र में |

     भारत का ग्रामीण क्षेत्र उसकी रीढ़ की हड्डी है जो दिन प्रतिदिन कमजोर होती जा रही है| इसे मजबूत करने की जिम्मेदारी हमारी है | अगर नीव ( गाँव ) मजबूत होगा तो मकान (देश) की मजबूती पक्की है |


                            खुशी सिंह

                          कक्षा -12th

                       CHRIST ACADEMY JR.COLLEGE, NAVI MUMBAI

मनुष्यता - मैथिलीशरण गुप्त

    मनुष्यता                                               -  मैथिलीशरण गुप्त  विचार लो कि मर्त्य हो न मृत्यु से डरो कभी¸ मरो परन्तु यों मरो...